IPL जीत के बाद विराट-अनुष्का पहुंचे वृंदावन, प्रेमानंद महाराज से लिया आशीर्वाद

IPL जीत के बाद विराट-अनुष्का पहुंचे वृंदावन, प्रेमानंद महाराज से लिया आशीर्वाद

आईपीएल ट्रॉफी जीतने के बाद विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने वृंदावन पहुंचकर संत प्रेमानंद महाराज तथा बड़े गुरुदेव का आशीर्वाद लिया।

आईपीएल 2026 (IPL 2026) का खिताब जीतने के बाद भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ मंगलवार सुबह वृंदावन पहुंचे। दोनों सुबह करीब 7 बजे केली कुंज आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए। आश्रम पहुंचने पर दोनों ने सादगी का परिचय देते हुए चेहरे पर मास्क लगाया और नंगे पांव अंदर प्रवेश किया। प्रेमानंद महाराज के शिष्यों ने उनका स्वागत किया और उन्हें आश्रम तक पहुंचाया।

करीब दो घंटे तक आश्रम में रहने के दौरान विराट और अनुष्का ने संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की तथा आध्यात्मिक चर्चा में हिस्सा लिया। जब दोनों आश्रम से बाहर निकले तो विराट के माथे पर चंदन और त्रिपुंड का तिलक लगा हुआ था। उनके हाथ में एक धार्मिक पुस्तक भी दिखाई दी।

बड़े गुरुदेव से भी लिया आशीर्वाद

प्रेमानंद महाराज से मुलाकात के बाद विराट और अनुष्का पैदल ही लगभग 150 मीटर दूर स्थित बड़े गुरु हित गोविंद शरण महाराज के आश्रम पहुंचे। वहां उन्होंने श्री हित गौरंगी शरण महाराज जी के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया। बताया जा रहा है कि दोनों ने करीब आधे घंटे तक आश्रम में समय बिताया और आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा की।

इस साल तीसरी बार पहुंचे वृंदावन

विराट और अनुष्का की संत प्रेमानंद महाराज से यह सातवीं मुलाकात रही। दोनों पहली बार 4 जनवरी 2023 को उनसे मिलने पहुंचे थे। पिछले तीन वर्षों में उनकी यह सातवीं और वर्ष 2026 की तीसरी यात्रा है। इससे पहले वे 16 फरवरी को बेटे अकाय के जन्मदिन के बाद तथा 20 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर भी प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने आए थे।

IPL फाइनल में विराट रहे थे हीरो

हाल ही में विराट कोहली की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने 31 मई को लगातार दूसरा आईपीएल खिताब अपने नाम किया था। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराया। इस मुकाबले में विराट कोहली ने अपने आईपीएल करियर की सबसे तेज अर्धशतकीय पारी खेली और शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुने गए। खिताबी जीत के कुछ ही दिनों बाद उनका वृंदावन पहुंचकर संतों का आशीर्वाद लेना चर्चा का विषय बना हुआ है।

author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *