टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने हाल ही में एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। मौजूदा दौर में वनडे फॉर्मेट के बेहतरीन खिलाड़ियों में गिने जाने वाले अय्यर ने बताया कि उन्हें साल 2023 में ऐसी गंभीर चोट लगी थी जिसकी वजह से उनके एक पैर ने काम करना बंद कर दिया था। जीक्यू इंडिया (GQ India) को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि उन्हें एक पैर में लकवा मार गया था और हालत इतनी खराब थी कि चलना तक मुश्किल हो गया था।
“मैं किस दर्द से गुजरा हूं ये कोई नहीं समझ सकता”
श्रेयस अय्यर ने GQ India से बातचीत में ये दर्दनाक खुलासा किया। अय्यर ने कहा, ‘मैं किस दर्द से गुजरा हूं ये कोई नहीं समझ सकता। मेरा एक पांव पूरी तरह से चलना बंद हो गया था, मुझे एक पांव में लकवा मार गया था मेरी स्पाइन की सर्जरी हुई थी और मेरी कमर पर एक रॉड डाली गई थी, वो एक बहुत ही दर्दनाक और खतरनाक अनुभव था। मुझे बहुत ज्यादा दर्द होता था, मेरी कमर से लेकर ऐड़ी तक काफी दर्द होता था। वो बहुत ही डरावना अनुभव था। ’
इस चोट ने उनके करियर पर गहरा असर डाला। 2023 का आईपीएल वह नहीं खेल पाए, यहां तक कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल भी मिस करना पड़ा। उस दौरान दिल्ली कैपिटल्स ने उनकी जगह ऋषभ पंत को कप्तान बना दिया और बाद में अय्यर ने यह फ्रेंचाइजी छोड़ भी दी।
“खिलाड़ियों को रोबोट समझते हैं लोग”
श्रेयस अय्यर ने इंटरव्यू में ट्रोलर्स और आलोचकों पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि लोग खिलाड़ियों को अक्सर रोबोट की तरह मान लेते हैं। सबको लगता है कि हर मैच में खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करेगा, लेकिन उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं होता कि पर्दे के पीछे खिलाड़ी किन कठिनाइयों से गुजर रहा होता है।
अय्यर ने यह भी कहा कि चोट और दर्द के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। वह अभी एशिया कप के लिए टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन उनका फोकस दोबारा वनडे, टेस्ट और टी20 फॉर्मेट में दमदार वापसी करने पर है।
