कानपुर में शिवपाल यादव का बड़ा दावा, 2027 में अखिलेश बनेंगे मुख्यमंत्री

कानपुर में शिवपाल यादव का बड़ा दावा, 2027 में अखिलेश बनेंगे मुख्यमंत्री

कानपुर में सपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शिवपाल यादव ने सरकार पर साधा निशाना, किसानों को भी दिया समर्थन

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव गुरुवार रात कानपुर पहुंचे। यहां उन्होंने काकादेव में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में हिस्सा लिया और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दावा किया कि वर्ष 2027 में अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे।

शिवपाल यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता न तो रुकेंगे और न ही डरेंगे। जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष किया जाएगा और सरकार की नीतियों को लोगों के सामने उजागर किया जाएगा।

सपा कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

कानपुर पहुंचने पर गंगा पुल पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव आशीष चौबे के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शिवपाल सिंह यादव का भव्य स्वागत किया। इसके बाद वह काकादेव स्थित डॉ. आनंद झा के आवास पहुंचे, जहां निजी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आरक्षण से जुड़े मामलों में हो रही कथित अनियमितताओं को जनता के सामने लाया जाएगा और सरकार को जवाबदेह बनाया जाएगा।

किसानों की समस्याओं पर भी जताया समर्थन

इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में न्यू कानपुर सिटी योजना से प्रभावित किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी शिवपाल यादव से मुलाकात की। किसानों ने आरोप लगाया कि उनकी जमीनों का अधिग्रहण उचित मुआवजा दिए बिना किया जा रहा है। शिवपाल यादव ने किसानों को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी उनकी लड़ाई में पूरी तरह साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को विधानसभा में उठाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर वह स्वयं उनके आंदोलन में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि किसानों और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी लगातार संघर्ष करती रहेगी।

author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *