7 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा, वनडे क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने रचा नया इतिहास

7 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा, वनडे क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने रचा नया इतिहास

वनडे क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क का बड़ा विश्व रिकॉर्ड आखिरकार टूट गया है. साल 2019 में स्टार्क ने सबसे तेज 150 विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया था. उन्होंने सिर्फ 77 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की थी. लेकिन अब नेपाल के स्टार लेग स्पिनर संदीप लामिछाने ने इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया है. खास बात यह रही कि उन्होंने स्टार्क से 4 मैच कम खेलकर यह कारनामा कर दिखाया.

73वें मैच में बनाया इतिहास
संदीप लामिछाने ने यह रिकॉर्ड स्कॉटलैंड के खिलाफ क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 मुकाबले में बनाया. नेपाल और स्कॉटलैंड के बीच खेले गए इस मैच में नेपाल ने 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की. संदीप ने अपने 10 ओवर में 47 रन देकर 3 विकेट लिए और इसी दौरान वनडे करियर का 150वां विकेट भी हासिल किया. ब्रैंडन मैक्मुलेन उनके रिकॉर्ड वाले शिकार बने. इस मैच के बाद संदीप के 73 वनडे मुकाबलों में कुल 151 विकेट हो गए.

मैच में दिखाया दम
स्कॉटलैंड के खिलाफ संदीप ने शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने जॉर्ज मुंशी, ब्रैंडन मैक्मुलेन और मैथ्यू क्रॉस को आउट किया. उनकी गेंदबाजी ने मैच का रुख बदल दिया और नेपाल को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. लंबे समय से नेपाल क्रिकेट के सबसे बड़े सितारों में गिने जाने वाले संदीप ने एक बार फिर दिखाया कि वह सीमित ओवर क्रिकेट के कितने खतरनाक गेंदबाज हैं.

100 विकेट का रिकॉर्ड भी इनके नाम
यह पहली बार नहीं है जब संदीप लामिछाने ने वनडे क्रिकेट में इतिहास बनाया हो. इससे पहले वह सबसे तेज 100 विकेट लेने का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर चुके हैं. उन्होंने अफगानिस्तान के राशिद खान का रिकॉर्ड तोड़ा था. राशिद ने 44 मैचों में 100 विकेट लिए थे, जबकि संदीप ने सिर्फ 42 मैचों में यह उपलब्धि हासिल कर ली थी.

50 विकेट में भी चमके थे संदीप
वनडे में सबसे तेज 50 विकेट लेने के मामले में भी संदीप का नाम ऊपर के खिलाड़ियों में शामिल है. हालांकि इस सूची में वह दूसरे स्थान पर हैं. श्रीलंका के अजंथा मेंडिस ने 19 मैचों में 50 विकेट लिए थे, जबकि संदीप ने यह उपलब्धि अपने 22वें मैच में हासिल की थी. अब 150 विकेट का रिकॉर्ड अपने नाम कर उन्होंने एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ ली है.

editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *