बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह और फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर चल रहा विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने रणवीर सिंह के खिलाफ जारी किया गया अपना नॉन-कोऑपरेशन निर्देश वापस ले लिया है। संगठन ने कहा है कि वह इस मामले को बातचीत और आपसी सहमति से सुलझाना चाहता है।
FWICE ने एक बयान जारी कर कहा कि रणवीर सिंह की ओर से भेजे गए कानूनी नोटिस का जवाब कानूनी प्रक्रिया के तहत दिया जाएगा। साथ ही संगठन ने अभिनेता को बातचीत के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि दोनों पक्ष मिलकर फिल्म इंडस्ट्री के हितों को ध्यान में रखते हुए समाधान निकाल सकते हैं।
‘डॉन 3’ छोड़ने के बाद शुरू हुआ विवाद
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब रणवीर सिंह ने फरहान अख्तर की फिल्म ‘डॉन 3’ से खुद को अलग कर लिया। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म की शूटिंग शुरू होने से करीब 10 दिन पहले रणवीर ने प्रोजेक्ट छोड़ने का फैसला लिया था। दावा किया गया कि अभिनेता के अचानक बाहर होने से फिल्म की तैयारियों पर बड़ा असर पड़ा और निर्माता-निर्देशक फरहान अख्तर को करोड़ों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। खबरों के मुताबिक, फरहान अख्तर ने रणवीर सिंह से लगभग 40 करोड़ रुपये के नुकसान की भरपाई की मांग की थी, लेकिन यह मामला सुलझ नहीं सका।
फरहान की शिकायत पर FWICE ने लिया था एक्शन
विवाद बढ़ने के बाद फरहान अख्तर ने मामले की शिकायत FWICE से की। शिकायत मिलने के बाद संगठन ने रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी कर दिया था। इसका मतलब था कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े सदस्य अभिनेता के साथ किसी नए प्रोजेक्ट में सहयोग नहीं करेंगे।FWICE के इस फैसले ने इंडस्ट्री में काफी चर्चा पैदा कर दी थी। इसके बाद रणवीर सिंह ने संगठन के खिलाफ कानूनी रास्ता अपनाते हुए लीगल नोटिस भेजा था, जिसके बाद मामला और गरमा गया।
रणवीर ने अधिकार क्षेत्र पर उठाए थे सवाल
FWICE के अनुसार, अभिनेता को अपना पक्ष रखने के लिए तीन बार बुलाया गया था, लेकिन रणवीर या उनकी टीम की ओर से कोई प्रतिनिधि बैठक में शामिल नहीं हुआ। बाद में रणवीर के प्रतिनिधियों ने ईमेल के जरिए जवाब देते हुए कहा कि यह विवाद एक अभिनेता और निर्माता के बीच का निजी और व्यावसायिक मामला है, इसलिए इसमें FWICE का अधिकार क्षेत्र लागू नहीं होता। इसी आधार पर अभिनेता की ओर से संगठन के फैसले को चुनौती दी गई थी।
रणवीर ने कहा था- सम्मान बनाए रखना जरूरी
विवाद के दौरान रणवीर सिंह की टीम ने एक आधिकारिक बयान भी जारी किया था। इसमें कहा गया था कि अभिनेता फिल्म इंडस्ट्री और ‘डॉन’ फ्रेंचाइजी से जुड़े सभी लोगों का सम्मान करते हैं। उन्होंने जानबूझकर सार्वजनिक रूप से चुप्पी बनाए रखी क्योंकि उनका मानना है कि पेशेवर और निजी मामलों को गरिमा, परिपक्वता और आपसी सम्मान के साथ सुलझाया जाना चाहिए। अब FWICE द्वारा नॉन-कोऑपरेशन निर्देश वापस लिए जाने के बाद उम्मीद की जा रही है कि दोनों पक्ष बातचीत के जरिए इस विवाद का समाधान निकाल सकते हैं और मामला जल्द शांत हो सकता है।
