आज के दौर में मोबाइल, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरण हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुके हैं। सुबह आंख खुलते ही मोबाइल देखने से लेकर रात को सोने से पहले तक स्क्रीन से जुड़ाव बना रहता है। हालांकि तकनीक ने जीवन को आसान बनाया है, लेकिन इसका अत्यधिक उपयोग अब स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार लगातार स्क्रीन के सामने समय बिताने से शरीर के कई हिस्सों पर दबाव पड़ता है। गर्दन, कंधे, पीठ, आंखों और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। लंबे समय तक गलत पॉस्चर में बैठने और स्क्रीन देखने की आदत लोगों को समय से पहले शारीरिक परेशानियों का शिकार बना रही है।
गर्दन, कंधे और कमर की बढ़ रही समस्याएं
मोबाइल और कंप्यूटर के अधिक उपयोग से कई नई स्वास्थ्य समस्याएं सामने आ रही हैं। लगातार टाइपिंग करने से कलाई पर दबाव बढ़ता है, जिससे कारपल टनल सिंड्रोम जैसी समस्या हो सकती है। वहीं कंप्यूटर पर लंबे समय तक माउस इस्तेमाल करने वालों में बाजू और कोहनी के दर्द की शिकायत बढ़ रही है, जिसे माउस आर्म या टेनिस एल्बो कहा जाता है। फोन पर लगातार नीचे देखकर काम करने से गर्दन में दर्द और अकड़न की समस्या होती है, जिसे टेक्स्ट नेक कहा जाता है। इसके अलावा लैपटॉप पर झुककर बैठने की आदत कंप्यूटर हंच की स्थिति पैदा कर सकती है, जिससे गर्दन, पीठ और कंधों में दर्द बढ़ जाता है।
आंखों और नींद पर भी पड़ रहा असर
विशेषज्ञों का कहना है कि लंबे समय तक स्क्रीन देखने से आंखों में सूखापन, जलन, धुंधलापन और सिरदर्द जैसी समस्याएं होने लगती हैं। इसे डिजिटल आई स्ट्रेन कहा जाता है। वहीं तेज आवाज में लंबे समय तक ईयरफोन इस्तेमाल करने से कानों में घंटी जैसी आवाज सुनाई देने लगती है, जिसे रिंगिंग सिंड्रोम या टिनिटस कहा जाता है। रात में देर तक मोबाइल या लैपटॉप चलाने से शरीर की जैविक घड़ी प्रभावित होती है। इससे नींद की गुणवत्ता खराब होती है और स्लीप डिसऑर्डर की समस्या पैदा हो सकती है। कई लोगों में मोबाइल से अत्यधिक लगाव के कारण फोन दूर होते ही बेचैनी महसूस होने लगती है, जिसे नोमोफोबिया कहा जाता है।
समय रहते बदलें आदतें
विशेषज्ञों के अनुसार तकनीक को पूरी तरह छोड़ना संभव नहीं है, लेकिन उसके उपयोग का सही तरीका अपनाना बेहद जरूरी है। हर 30 से 40 मिनट में स्क्रीन से ब्रेक लेना, सही पॉस्चर में बैठना, नियमित योग और व्यायाम करना तथा पर्याप्त नींद लेना इन समस्याओं से बचने में मदद कर सकता है। स्वस्थ जीवनशैली और डिजिटल उपकरणों के संतुलित उपयोग से न केवल शारीरिक दर्द कम किया जा सकता है, बल्कि आंखों, दिमाग और मानसिक स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाए रखा जा सकता है। तकनीक का उपयोग जरूरत के अनुसार करें, ताकि सुविधा स्वास्थ्य पर भारी न पड़े।
