Meerut में जहरीली शराब का कहर, 3 मौतों से मचा हड़कंप, ठेका सील हुआ अब ये ऐलान !

Meerut में जहरीली शराब का कहर, 3 मौतों से मचा हड़कंप, ठेका सील हुआ अब ये ऐलान !

उत्तर प्रदेश के मेरठ के दौराला क्षेत्र में शुक्रवार रात दर्दनाक घटना सामने आई, जहां शराब पीने के बाद तीन लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बाबूराम, अंकित और जितेंद्र ने एक साथ देसी शराब का सेवन किया था। कुछ ही देर बाद तीनों की हालत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने अंकित और जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि कुछ समय बाद बाबूराम ने भी दम तोड़ दिया।

ठेका सील, हिरासत में लोग
घटना के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। जिलाधिकारी के आदेश पर शराब का ठेका तुरंत सील कर दिया गया। पुलिस ने ठेके से जुड़े मालिक और दो सेल्समैन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि शराब में मिलावट कहां और कैसे हुई।

अधिकारियों का मौके पर निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खुद मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। अधिकारियों ने उस स्थान का भी निरीक्षण किया जहां शराब पी गई थी। साथ ही आबकारी और पुलिस टीम से अब तक की कार्रवाई की पूरी जानकारी ली गई। प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा होगा, लेकिन हर एंगल से जांच की जा रही है।

मुनादी से मचा डर का माहौल
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मंदिरों और मस्जिदों के लाउडस्पीकर से मुनादी करवाई कि कोई भी व्यक्ति फिलहाल शराब न खरीदे और जिन लोगों ने खरीद ली है, वे उसका सेवन न करें। इस घोषणा के बाद पूरे कस्बे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग डर के साये में आ गए।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब की शिकायतें पहले भी की गई थीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि इसी ढिलाई के कारण शराब माफियाओं के हौसले बुलंद हैं और निर्दोष लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है।

दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की सप्लाई कहां से हुई और इसमें मिलावट किस स्तर पर की गई। फिलहाल पूरे इलाके में छापेमारी तेज कर दी गई है और संदिग्ध ठिकानों पर नजर रखी जा रही है।

editor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *