क्या आपको भी रहती है लगातार थकान? साइलेंट किलर है लिवर सिरोसिस, ऐसे पहचानें लक्षण

क्या आपको भी रहती है लगातार थकान? साइलेंट किलर है लिवर सिरोसिस, ऐसे पहचानें लक्षण

लिवर सिरोसिस एक खतरनाक बीमारी है, जो अपने गंभीर चरण में पहुंचने पर मरीज की हालत को बहुत ज़्यादा बिगाड़ देती है। अक्सर मरीज़ को इसका पता भी नहीं चलता। इस बीमारी से होने वाले नुकसान का पता कुछ हल्के लक्षणों को पहचानकर शुरुआती दौर में ही लगाया जा सकता है, जिससे बीमारी को बहुत ज़्यादा बिगड़ने से पहले ही नियंत्रित किया जा सकता है।

लिवर सिरोसिस एक गंभीर लेकिन ‘साइलेंट’ बीमारी है, जो शुरुआती चरण में आसानी से पकड़ में नहीं आती। अक्सर मरीज तब जागरूक होते हैं, जब लिवर को काफी नुकसान पहुंच चुका होता है। डॉक्टरों के मुताबिक, अगर शुरुआती लक्षणों को समय रहते पहचान लिया जाए तो इस बीमारी को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।

लिवर पर बनते हैं स्कार टिश्यू

इस बीमारी में लिवर की स्वस्थ कोशिकाएं धीरे-धीरे नष्ट होकर उनकी जगह स्कार टिश्यू बना लेते हैं। इससे लिवर की कार्यक्षमता कम होने लगती है। शुरुआत में लक्षण हल्के होते हैं, लेकिन समय के साथ ये गंभीर रूप ले लेते हैं।

शुरुआती लक्षणों को समझना जरूरी

सिरोसिस के शुरुआती चरण में हल्की थकान, कमजोरी, भूख कम लगना जैसे संकेत दिख सकते हैं। ये लक्षण मामूली लगते हैं, इसलिए लोग इन्हें नजरअंदाज कर देते हैं। यही लापरवाही आगे चलकर बीमारी को गंभीर बना सकती है।

गंभीर स्टेज में बढ़ती परेशानी

जब बीमारी डीकंपेंसटेड स्टेज में पहुंचती है, तब लक्षण ज्यादा खतरनाक हो जाते हैं। मरीज को पेट में पानी भरना (एसाइटिस), शरीर में सूजन, पीलिया और आसानी से खून बहने जैसी समस्याएं होने लगती हैं। इस स्थिति में तुरंत इलाज जरूरी होता है।

धीरे-धीरे बिगड़ती है पूरी सेहत

लिवर शरीर का अहम अंग है, जो टॉक्सिन हटाने, पाचन और पोषक तत्वों के उपयोग में मदद करता है। सिरोसिस में ये सभी प्रक्रियाएं प्रभावित हो जाती हैं। शरीर में विषैले पदार्थ जमा होने लगते हैं, जिससे इम्यून सिस्टम कमजोर पड़ता है और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।

इन लक्षणों पर तुरंत डॉक्टर से मिलें

अगर लंबे समय तक थकान बनी रहे, वजन अचानक कम होने लगे, पीलिया या पेट में सूजन दिखे तो इसे नजरअंदाज न करें। ये लिवर से जुड़ी गंभीर समस्या के संकेत हो सकते हैं। समय पर जांच और इलाज से इस बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है।

बचाव ही सबसे बड़ा उपाय

नियमित जांच, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर लिवर को सुरक्षित रखा जा सकता है। छोटी-छोटी समस्याओं को गंभीरता से लेना ही इस खतरनाक बीमारी से बचाव का सबसे बेहतर तरीका है।

author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *