भीषण गर्मी के बीच कानपुर के केपीएम अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को अब ठंडे पेयजल की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। बुधवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बिरहाना रोड स्थित केपीएम अस्पताल परिसर में 80 लीटर क्षमता वाले आधुनिक वाटर कूलर का उद्घाटन किया।
यह वाटर कूलर रोटरी क्लब ऑफ कानपुर नॉर्थ की ओर से अस्पताल में स्थापित कराया गया है। उद्घाटन के दौरान डिप्टी सीएम ने क्लब की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में मरीजों और तीमारदारों को शुद्ध एवं ठंडा पानी उपलब्ध कराना एक सराहनीय सामाजिक कार्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अस्पताल का निरीक्षण कर जानी व्यवस्थाएं
उद्घाटन कार्यक्रम के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अस्पताल का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और मरीजों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आईटीबीपी जवान के मां का हाथ काटने से जुड़े मामले पर कहा कि उच्च अधिकारियों से बातचीत की गई है और जांच रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा।
बाहर की दवा लिखने पर कार्रवाई की चेतावनी
सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बाहर की दवाएं लिखे जाने के सवाल पर डिप्टी सीएम ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि यदि किसी अस्पताल में मरीजों को अनावश्यक रूप से बाहर की दवा लिखी जा रही है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सरकार का उद्देश्य मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का पूरा लाभ उपलब्ध कराना है।
रोटरी क्लब की पहल को मिली सराहना
इस परियोजना को सफल बनाने में रोटरी क्लब ऑफ कानपुर नॉर्थ के प्रोजेक्ट डायरेक्टर रोटेरियन कपिल भाटिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके प्रयासों से यह सेवा कार्य निर्धारित समय पर पूरा हो सका। कार्यक्रम में केपीएम अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. ए.के. शुक्ला ने रोटरी क्लब का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन आते हैं, जिन्हें अब गर्मी के मौसम में पेयजल की बेहतर सुविधा मिलेगी।
समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय है रोटरी क्लब
कार्यक्रम में मौजूद पूर्व जिला गवर्नर दिनेश चंद्र शुक्ला और श्रीमती अनीता भाटिया ने भी इस पहल की प्रशंसा की। रोटरी क्लब ऑफ कानपुर नॉर्थ के पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन केवल पेयजल सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा, रक्तदान शिविर और जनकल्याण से जुड़े अनेक सामाजिक कार्यों में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। क्लब का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों की सहायता करना और समाज के कमजोर वर्गों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाना है। केपीएम अस्पताल में लगाया गया यह वाटर कूलर भी इसी सेवा अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
