कानपुर के मकराबर्टगंज स्थित प्रो. एचएन मिश्रा पीजी कॉलेज में बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पहली पाली की परीक्षा देने पहुंचे करीब 25 अभ्यर्थी कॉलेज के पास एक नाले की स्लैब धंसने से उसमें जा गिरे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में चार अभ्यर्थियों को हल्की चोटें आईं, जबकि कई छात्रों के कपड़े, किताबें और प्रवेश पत्र गंदे पानी में खराब हो गए।
बताया जा रहा है कि परीक्षा शुरू होने से पहले कई अभ्यर्थी पास स्थित एक फोटोकॉपी की दुकान पर दस्तावेजों की कॉपी कराने पहुंचे थे। इसी दौरान दुकान के सामने बनी नाले की स्लैब अचानक टूट गई और वहां खड़े छात्र उसमें गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने तुरंत शुरू किया रेस्क्यू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परीक्षा से पहले फोटोकॉपी की दुकान पर काफी भीड़ थी। अचानक स्लैब भरभराकर टूट गई और कई छात्र नाले में जा गिरे। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला। नाले का पानी गंदा होने के कारण अभ्यर्थियों के कपड़े और जरूरी दस्तावेज खराब हो गए। इसके बावजूद अधिकांश छात्रों ने खुद को संभाला और साफ-सफाई के बाद परीक्षा में शामिल हुए। राहत की बात यह रही कि किसी भी छात्र को गंभीर चोट नहीं आई।
किताबें और प्रवेश पत्र भी हुए खराब
हादसे में कई अभ्यर्थियों की किताबें, प्रवेश पत्र और अन्य दस्तावेज नाले के पानी में भीग गए। छात्रों ने बताया कि परीक्षा से पहले वे पहले ही मानसिक दबाव में थे और इस घटना ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी। कुछ छात्रों ने कहा कि ऐसी स्थिति में परीक्षा देना उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा। हालांकि स्थानीय लोगों और अन्य अभ्यर्थियों के सहयोग से सभी को समय रहते बाहर निकाल लिया गया।
नगर निगम और प्रशासन पर उठे सवाल
घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों ने नगर निगम तथा संबंधित विभागों की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि परीक्षा जैसे बड़े आयोजन से पहले आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा जांच और मरम्मत कार्य होना चाहिए था। प्रारंभिक स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि नाले में गैस के दबाव या स्लैब की जर्जर स्थिति के कारण यह हादसा हुआ। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस पहुंची मौके पर, शुरू हुई बैरिकेडिंग
सूचना मिलते ही ग्वालटोली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। ग्वालटोली इंस्पेक्टर मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है और सभी अभ्यर्थी सुरक्षित हैं। घटना के बाद नगर निगम की टीम ने मौके पर बैरिकेडिंग शुरू कर दी और क्षेत्र को सुरक्षित करने के प्रयास किए। वहीं दूसरी ओर शहर के 19 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बीएड प्रवेश परीक्षा की पहली पाली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
