रोजाना रसोई में खाना बनाते समय कई बार दूध, चाय या सब्जी उबलकर गैस बर्नर पर गिर जाती है. धीरे-धीरे तेल और मसालों की परत बर्नर के छोटे छेदों में जमने लगती है. इससे गैस का फ्लो कम हो जाता है और लौ धीमी या पीली दिखाई देने लगती है. कई लोग इसे गैस की खराबी समझ लेते हैं और नया बर्नर खरीदने की सोचने लगते हैं, जबकि असली वजह सिर्फ गंदगी होती है.
सफाई से पहले रखें सावधानी
गैस बर्नर साफ करने से पहले सबसे जरूरी काम गैस रेगुलेटर बंद करना है. अगर आपने अभी खाना बनाया है तो पहले बर्नर को ठंडा होने दें. गर्म बर्नर को छूने से हाथ जल सकता है. सुरक्षा का ध्यान रखने के बाद ही सफाई शुरू करें. इससे आप किसी भी परेशानी से बच सकते हैं.
गर्म पानी और नींबू का कमाल
बर्नर साफ करने के लिए एक बर्तन में गर्म पानी लें. उसमें एक नींबू का रस और थोड़ा बेकिंग सोडा मिलाएं. अब इस घोल में बर्नर को 15 से 20 मिनट तक भिगोकर छोड़ दें. इससे बर्नर पर जमा चिकनाई और जिद्दी गंदगी नरम हो जाएगी. यह तरीका बर्नर की सफाई को काफी आसान बना देता है.
पुराने ब्रश से करें सफाई
जब बर्नर की गंदगी नरम हो जाए तो पुराने टूथब्रश या स्क्रबर की मदद से उसे अच्छी तरह रगड़ें. छोटे छेदों की सफाई के लिए पतली पिन या सुई का इस्तेमाल किया जा सकता है. लेकिन ध्यान रखें कि बहुत ज्यादा दबाव न डालें, वरना छेद बड़े हो सकते हैं और गैस का फ्लो प्रभावित हो सकता है.
जिद्दी गंदगी हटाने का तरीका
अगर बर्नर बहुत ज्यादा काला पड़ गया है तो उस पर थोड़ा सफेद सिरका डालें और करीब 5 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद ब्रश से साफ करें और पानी से धो लें. सफाई के बाद बर्नर को तुरंत इस्तेमाल न करें. पहले उसे अच्छे से सुखाएं, क्योंकि गीला बर्नर लगाने से गैस सही तरह नहीं जलती. नियमित सफाई करने से बर्नर लंबे समय तक सही हालत में बना रहता है.
