त्योहारों के मद्देनजर रांची रेल मंडल यात्रियों के लिए 14 स्पेशल ट्रेनों को चलाएगा। स्पेशल ट्रेनों का शेड्यूल भी जल्दी ही जारी कर दिया जाएगा। जो बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रमुख गंतव्यों तक चलाई जाएंगी।
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रांची रेल मंडल ने बड़ा कदम उठाया है। दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए इस बार रेलवे ने 14 स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। पहली बार मंडल की ओर से इतनी बड़ी संख्या में अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जा रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी वजह से न केवल विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी, बल्कि नियमित ट्रेनों में भी अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे।
बिहार और पूर्वी यूपी के शहरों को फायदा
रांची रेल मंडल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस त्योहारी सीजन में पटना, गया, दरभंगा, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर जैसे शहरों के लिए स्पेशल ट्रेनें रांची रेल मंडल की ओर से संचालित की जाने वाली हैं। स्पेशल ट्रेनों का शेड्यूल भी जल्दी ही जारी कर दिया जाएगा। इसके अलावा जो ट्रेनें नियमित रूप से चल रही हैं, उनमें अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे, ताकि यात्रियों को टिकट और सीट की कमी की समस्या न हो।
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की होगी स्पेशल रणनीति
त्योहारों के दौरान सबसे बड़ी चुनौती यात्रियों की भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था होती है। इस बार रेलवे ने इसके लिए खास रणनीति तैयार की है। बड़े स्टेशनों पर टास्क फोर्स की तैनाती होगी। इसके अलावा आरपीएफ और जीआरपी के अतिरिक्त जवान भी मुस्तैद रहेंगे। गेट मैनेजमेंट और प्लेटफॉर्म व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
वरिष्ठ अधिकारी प्रमुख स्टेशनों पर स्पेशल ड्यूटी पर तैनात रहेंगे, ताकि यात्रियों को सफर के दौरान किसी भी तरह की कोई असुविधा न हो और ट्रेनों का संचालन समय पर किया जाए।
ये भी पढ़ें: https://jmdnewsflash.com/bihar-election-cwc-meeting-patna-kharge-attack/
