दिल्ली कैपिटल्स को अपने होम ग्राउंड पर गुजरात टाइटंस के खिलाफ बेहद रोमांचक मुकाबले में 1 रन से हार झेलनी पड़ी। जीत के करीब पहुंचकर हार जाने से टीम के खिलाड़ी काफी निराश नजर आए। निराश खिलाड़ियों को कप्तान अक्षर पटेल ने सकारात्मक रहने की सलाह दी है।
मैच के बाद कप्तान अक्षर पटेल ने ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों को संभालते हुए कहा कि पूरे टूर्नामेंट में संयम बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हार से निराश होना स्वाभाविक है, लेकिन टीम को सकारात्मक रहकर आगे बढ़ना होगा। अक्षर ने यह भी कहा कि टीम अब अगले मैच पर फोकस करेगी और नई शुरुआत करेगी।
210 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रोमांच
गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 210 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मुकाबले को आखिरी ओवर तक खींच दिया।
आखिरी ओवर में पलटा मैच
दिल्ली को जीत के लिए अंतिम ओवर में 13 रन चाहिए थे। पहली ही गेंद पर चौका लगने से उम्मीद बढ़ी, लेकिन दूसरी गेंद पर विकेट गिर गया। इसके बाद मैच और रोमांचक हो गया। आखिरी तीन गेंदों पर 8 रन की जरूरत थी, तभी डेविड मिलर ने छक्का लगाकर मैच को दिल्ली के करीब ला दिया।
2 रन की दूरी पर टूट गई उम्मीद
आखिरी दो गेंदों पर सिर्फ 2 रन चाहिए थे, लेकिन यहां मैच पलट गया। मिलर ने सिंगल लेने से इनकार किया और अंतिम गेंद पर शॉट मिस कर बैठे। रन लेने की कोशिश में कुलदीप यादव रन आउट हो गए और दिल्ली की जीत हार में बदल गई।
सीजन की पहली हार, आगे की तैयारी
गुजरात टाइटंस की यह इस सीजन की पहली जीत रही, जबकि दिल्ली कैपिटल्स को पहली हार का सामना करना पड़ा। अब दिल्ली की नजर अगले मुकाबले पर है, जहां टीम चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 11 अप्रैल को मैदान में उतरेगी।
