उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि वैश्विक स्तर पर जहां कई देशों में अशांति और संघर्ष की स्थिति बनी हुई है, वहीं भारत स्थिरता और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नई ऊंचाइयों को छू रहा है और हर भारतीय को इस पर गर्व होना चाहिए। ‘न्यू इंडिया’ की अवधारणा समाज के हर वर्ग को अवसर और उत्सव दोनों प्रदान करती है।
सीएम योगी गोरखपुर के पांडेहाटा में श्री होलिका दहन उत्सव समिति द्वारा आयोजित ‘भक्त प्रह्लाद शोभायात्रा’ में शामिल हुए। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि त्योहार तभी वास्तविक आनंद देते हैं जब उन्हें शांति, सद्भाव और अनुशासन के साथ मनाया जाए।
सीएम योगी की अपील
मुख्यमंत्री ने होली के त्योहार को लेकर प्रदेशवासियों से विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि होलिका दहन ऐसे स्थान पर किया जाए, जिससे किसी को असुविधा न हो और न ही किसी की संपत्ति को नुकसान पहुंचे। होली के अवसर पर गाए जाने वाले गीत मर्यादित और त्योहार की भावना के अनुरूप होने चाहिए। अश्लील या आपत्तिजनक गीतों से परहेज किया जाना चाहिए, क्योंकि इससे त्योहार की गरिमा कम होती है।
‘होली पर किसी को जबरन रंग न लगाएं’
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि होली के दौरान केवल रंग और गुलाल का ही उपयोग किया जाए और किसी पर जबरन रंग न लगाया जाए। किसी को भी उसकी इच्छा के विरुद्ध उत्सव में शामिल होने के लिए मजबूर न किया जाए। सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले प्रदेश में त्योहारों के समय अक्सर तनाव और कर्फ्यू की स्थिति बनती थी, लेकिन अब प्रदेश में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में शांति के साथ त्योहार मनाए जा रहे हैं, जो बदलते माहौल का संकेत है।
