चंडीगढ़ में बीजेपी दफ्तर के बाहर ब्लास्ट, दीवारों पर मिले छर्रों के निशान

चंडीगढ़ में बीजेपी दफ्तर के बाहर ब्लास्ट, दीवारों पर मिले छर्रों के निशान

शाम 5 बजे हुआ धमाका, पुलिस ने पूरे इलाके को घेरा, स्कूटी बनी जांच का केंद्र

चंडीगढ़ में पंजाब बीजेपी दफ्तर के बाहर बुधवार शाम करीब 5 बजे धमाका होने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी। सुरक्षा के मद्देनजर दफ्तर को भी खाली करा दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, दफ्तर के बाहर खड़ी एक स्कूटी में विस्फोट हुआ। कार्यालय में काम करने वाले हर्ष नामक कर्मचारी ने बताया कि यह स्कूटी उसकी है, जिसे उसने सुबह दफ्तर के बाहर पार्क किया था। हालांकि, उसे यह नहीं पता कि धमाका कैसे हुआ।

दीवारों पर छर्रों के निशान

चंडीगढ़ की SSP कंवरदीप कौर के अनुसार, धमाके के बाद बीजेपी दफ्तर की दीवारों पर 70 से 80 छर्रों जैसे निशान मिले हैं। पास में खड़ी एक कार के शीशे भी टूट गए। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच से ऐसा प्रतीत होता है कि क्रूड बॉम्ब जैसी कोई वस्तु में ब्लास्ट हुआ। हालांकि ये वस्तु यहां रखी गई थी या फेंकी गई इस बारे में अभी कुछ बता नहीं सकते। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है।

संदिग्ध गतिविधियों पर नजर

घटना के समय शहर में पहले से ही पुलिस द्वारा विशेष नाकेबंदी की जा रही थी, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाके से पहले एक संदिग्ध स्कूटी वहां खड़ी देखी गई थी। यह ब्लास्ट शहर के एक महत्वपूर्ण इलाके में हुआ है, जहां डॉ. अंबेडकर भवन, पंजाब-हरियाणा बार काउंसिल कार्यालय, लॉ भवन और बत्रा थिएटर जैसी प्रमुख जगहें स्थित हैं।

बीजेपी की प्रतिक्रिया

पंजाब बीजेपी के मीडिया कोऑर्डिनेटर विनीत जोशी ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि धमाका हल्का था, लेकिन इसके बावजूद यह गंभीर मामला है। उन्होंने बताया कि पुलिस मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की जांच कर रही है।

author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *